रैली खत्म होते ही जाम हो गई सड़क
एक घंटे तक कछुए की चाल रेंगते रहे वाहन
चंबी (कांगड़ा)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत चंबी मैदान में आयोजित पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन के खत्म होते ही सड़कों पर जाम लग गया। करीब एक घंटे तक वाहन पठानकोट-मंडी सड़क पर कछुए की चाल से रेंगते नजर आए। वहीं, पन्ना प्रमुख के सम्मेलन में इतनी भीड़ थी कि पंडाल में लगी कुर्सियां जहां भरी पड़ी थी, वहीं साथ लगती पुरानी सड़क और पुल पर भी लोगों का जमावड़ा लगा रहा। इसके अलावा मैदान के दोनों ओर से गुजर रही सड़क किनारे भी लोग बैठ कर भाजपा नेताओं का भाषण सुनते रहे। वहीं, गग्गल में सड़क पर जाम न लगे इसके लिए गग्गल में बन रहे पुल पर जेसीबी से मिट्टी डाल कर उसे वाहनों के चलने लायक बना दिया गया था, जिसके चलते वहां जाम की स्थिति नहीं बनी।
भाजपा नेताओं में चंबी में कही मन की बात
पन्ना प्रमुख सम्मेलन का मंच संचालन प्रदेश भाजपा महामंत्री सांसद कृपाल परमार ने बखूबी किया। इस दौरान बीच-बीच में उन्होंने शायराना अंदाज में भी लोगों का मनोरंजन किया। इसके अलावा जब भी वह किसी भाजपा नेता को मंच पर बोलने का आह्वान करते तो वे कहते कि अब हमारे बीच भाजपा नेता अपने मन की बात करेंगे।
झंडों के साथ होर्डिंग भी उठा ले गए कार्यकर्ता
पन्ना प्रमुख का सम्मेलन खत्म होते ही कार्यकर्ता जहां झंडों और टोपियों को अपने साथ ले गए वहीं कुछ ऐसे भी कार्यकर्ता दिखे जो अपने साथ नेताओं के होर्डिंगों को भी अपने साथ ले गए। इस दौरान जहां कई कार्यकर्ता पैदल ही होर्डिंग लेकर चल रहे थे, वहीं विभिन्न क्षेत्रों से आए कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी बसों में भी होर्डिंग को लोड कर लिया।
प्लास्टिक की थैलियों में बांटा पीने का पानी
एक ओर जहां प्रदेश सरकार हिमाचल को पॉलिथीन मुक्त बनाने की ओर अग्रसर है, वहीं भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से आए पन्ना प्रमुखों को प्लास्टिक की थैलियों में पीने का पानी बांटा गया, इसके चलते पूरा पानी न पीये जाने की स्थिति में थैलियों में बचे पानी को ग्राउंड में फेंका गया।