दूल्हे को लगा बटणा, नहाने को नहीं मिला पानी
- स्मार्ट सिटी धर्मशाला के सामुदायिक भवन में शादी के उत्साह के बीच अफरातफरी
- दो बाल्टी पानी उधार लेकर दूल्हा नहाया, रिश्तेदारों को होटल-विश्राम गृह भेजा गया
- सामुदायिक भवन कोतवाली बाजार में 18 हजार रुपये देकर कराई गई थी बुकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। शादी में बटणा लगाने की रस्म का मजा स्मार्ट सिटी धर्मशाला में पानी के संकट ने किरकिरा कर दिया। लोकगीतों के साथ दूल्हे को नाते रिश्तेदारों ने बटणा तो लगा लिया, लेकिन निगम के सामुदायिक भवन में दूल्हे को नहलाने के लिए एक अदद बाल्टी पानी के लाले पड़ गए। तमाम कोशिशों के बाद भी जब पानी न मिला तो कैटरिंग वालों से दो बाल्टी पानी उधार लेना पड़ा। दूल्हे के नहाने की व्यवस्था तो इससे हो गई लेकिन बाकी रिश्तेदारों को ठहराने के लिए बाद में आसपास के होटलों और विश्राम गृहों में भेजना पड़ा।
कोतवाली बाजार स्थित सामुदायिक भवन में स्थानीय निवासी सुरेंद्र महाजन ने अपने बेटे के विवाह के लिए 18 हजार रुपये में दो दिनों की बुकिंग करवाई थी। शादी की रस्में शुरू हुईं तो सामुदायिक भवन की अव्यवस्थाओं सामने आने लगीं। बटणा लगाने की रस्म निभाते समय उत्साह का माहौल था, लेकिन पानी के संकट ने इस उत्साह को देखते ही देखते ठंडा कर दिया। सुरेंद्र महाजन के अनुसार 19 जुलाई को उन्होंने सामुदायिक भवन में विवाह संबंधित रस्में पूरी कीं। 20 जुलाई को जैसे ही सुबह दूल्हे का बटणा लगाया गया तो उसे नहाने के लिए पानी ही नसीब नहीं हो पाया। विवाह में कैटरिंग का काम संभाल रहे लोगों ने टैंकर के माध्यम से पानी लाया था, जिससे उन्होंने पानी की बाल्टियां लीं। इसके अलावा सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई थी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का एक भी कर्मचारी सुबह सफाई करने नहीं पहुंचा। गौर हो कि स्मार्ट सिटी में 24 घंटे लगातार पानी सप्लाई के दावे किए जा रहे हैं।
------
आईपीएच उपमंडल धर्मशाला के एसडीओ विपिन कुमार ने कहा कि सामुदायिक भवन को जाने वाला पाइप टूटा था। सामुदायिक भवन को भंडारण टैंक से अलग से सप्लाई जाती है, जिसका रखरखाव नगर निगम करता है।
---
नगर निगम धर्मशाला के अतिरिक्त आयुक्त सुखदेव सिंह ने कहा कि सामुदायिक भवन के पानी का सप्लाई पाइप टूटने के कारण दिक्कत आई है। सूचना मिलने के बाद पाइन लाइन ठीक कर दी गई है।