13 से 15 अप्रैल तक मनाया जाएगा कालेश्वर महादेव बैसाखी मेला
राज्य स्तरीय महोत्सव के आयोजन के लिए कमेटियां गठित
अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर/रक्कड़ (कांगड़ा)। राज्य स्तरीय कालेश्वर महादेव बैसाखी महोत्सव 13 से 15 अप्रैल तक मनाया जाएगा। अध्यक्ष मेला समिति एवं उपमंडल अधिकारी (ना) धनवीर ठाकुर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेले में गौरवमयी व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को कालेश्वर में मेला समिति की बैठक का आयोजन हुआ।
बैठक में महोत्सव को गौरवमयी ढंग से संपन्न करने के लिए विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सफाई व्यवस्था, पार्किंग, बिजली, पीने का पानी और पंजतीर्थी में नहाने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। मेले के दौरान ब्यास नदी और पवित्र सरोवर में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत बचाव दल का विशेष प्रबंध किया जाएगा। मेले के दौरान जनता के मनोरंजन के लिए 13 और 14 अप्रैल को रंगारंग सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। संध्याआें में स्थानीय लोक कलाकारों के अलावा प्रदेश के जाने माने लोक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों का मनोरंजन करेंगे। बैठक में एसडीएम देहरा धनवीर ठाकुर, मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुभाष ठाकुर, तहसीलदार रक्कड़ राजीव ठाकुर, खंड विकास अधिकारी प्रकाश चंद, बीडीसी चेयरमैन शोभा रानी, बीडीसी सदस्य बृज मोहिनी, पंचायत प्रधान मनियाला अंजना कुमारी, उपप्रधान नरेश शर्मा, स्नेहलता परमार, पंचायत प्रधान कुहना रामपाल, मंदिर मोहितमीम स्वामी विश्वानंद, सहायक अभियंता सुभाष शर्मा, सहायक अभियंता संजीव राणा, सहायक अभियंता सुरेंद्र वर्मा, कानूनगो सुरेंद्र कुमार, कानूनगो मदन सिंह, रक्कड़ थाना प्रभारी विधि चंद, संजीव कुमार के साथ सभी विभागों के अधिकारी और कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।