विधायक ने सरकार जनता के द्वार के तहत दियोल-फटहार में सुनी समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने ग्राम पंचायत दियोल और फटाहर में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने ग्राम फटाहर पंचायत में 5 लाख की लागत से निर्मित महिला मंडल भवन का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार, सुशासन की सरकार है और लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए सरकार जनता के द्वार जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम आरंभ किए हैं। वे स्वयं पंचायतों में जाकर लोगों की समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं। ग्राम पंचायत दियोल और फटाहर में जल जीवन मिशन के तहत 70 लाख 35 हजार के कार्य शुरू किए गए हैं, जिनका 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा इस योजना से जलग्रा, कंड कोसरी , भरेड़ , दियोल खास, धार जोत, फटाहर , सोकडु , पशाकोट को शामिल किया गया है। इस योजना के तहत दो टैंकों में पानी डाल दिया गया है।
उन्होंने कहा कि दियोल और फटाहर पंचायत में विकासात्मक कार्यों पर लगभग़ 50 लाख खर्च किए जा रहे हैं। इसमें पीरडी नाला पुली के निर्माण के लिए डेढ़ लाख, जीप रोड पीरडी से शमशान घाट सेरी तक निर्माण के लिए डेढ़ लाख , युवक मंडल फटाहर के लिए साढ़े तीन लाख , जखराम के घर के नजदीक रेलिंग के निर्माण के लिए 50 हजार इसके अतिरिक्त 15 वे वित्त आयोग के लिए फटाहर में वार्ड नंबर 5 में शौचालय निर्माण के लिए 3 लाख, जगत राम के घर के लिए रास्ता 30 हजार, शिल्लानाला पुली के लिए 3 लाख दिए गए हैं। इस मौके पर रविंद्र बिट्टू नीलम ठाकुर, देवराज उपस्थित रहे।