नगरोटा सूरियां रेलवे स्टेशन से गुजरते कोच। -स्रोत : जागरूक पाठक
बरियाल (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग पर रेल सेवाओं की बहाली के लिए रेलवे बोर्ड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को सात रेल कोच इंजन के साथ जोड़कर बैजनाथ से पठानकोट भेजे गएं, जहां से इन्हें मरम्मत के लिए कालका रेल वर्कशॉप भेजा जाएगा। राहत की बात यह है कि कालका से मरम्मत होकर 25 कोच पहले ही पठानकोट रेल शेड पहुंच चुके हैं।
रेलवे संरक्षा आयुक्त दिनेश देशवाल 24 फरवरी को पठानकोट से बैजनाथ तक रेल ट्रैक का अंतिम निरीक्षण और ट्रायल करेंगे। यदि यह ट्रायल सफल रहता है और सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट सकारात्मक मिलती है तो मार्च के प्रथम सप्ताह तक पठानकोट से बैजनाथ के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने की प्रबल संभावना है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि कोचों को मरम्मत के लिए कालका भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी के ट्रायल के बाद ट्रैक को सुरक्षित पाए जाने पर शीघ्र ही इस मार्ग पर रेल यातायात बहाल कर दिया जाएगा।