बैजनाथ (कांगड़ा)। पपरोला बाजार में वीरवार देर रात टेंट की दुकान में आग लगने से अंदर रखा सामान जल गया है। वहीं अंदर सो रहे व्यक्ति का हाथ और पीठ भी झुलस गई। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में शक्ति कैटरिंग एंड टेंट हाउस के मालिक का करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार वीरवार रात करीब 11 बजे टेंट हाउस में आग लग गई। आग का पता चलते ही अंदर सो रहे राजिंद्र कुमार ने शोर मचाना शुरू कर दिया। राजिंद्र का शोर सुनकर दुकान के समीप रह रहे टेंट हाउस के मालिक अंकुश और अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। राजिंद्र को दुकान के पीछे स्थित छोटे दरवाजे से बाहर निकाला गया। फायर ब्रिगेड ने दुकान के शटर तोड़कर आग पर काबू पाया और दुकान के अंदर मौजूद दो गैस सिलिंडरों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना की जल्द जानकारी न मिलने नुकसान और अधिक हो सकता था। उधर, डीएसपी प्रताप ठाकुर ने मामले की पुष्टि करने हुए कहा कि जांच जारी है।