धर्मशाला। नेताजी सुभाष चंद बोस (पुलिस) मैदान लाभार्थी रैली के लिए 18 सेक्टरों में बांटा जाएगा। इसके अलावा पुलिस मैदान में बने लॉन टेनिस कोर्ट का नेट भी हटाया जाएगा। एसपीजी ने रैली के लिए पुलिस और साई मैदान से सभी खेलों के पोल हटाने के निर्देश दिए हैं।
ऐसे में जिला प्रशासन ने लाखों रुपये की लागत से बने लॉन टेनिस के नेट, पुलिस मैदान के पोल और साई मैदान में लगे पोल हटाने का काम शुरू कर दिया है। रैली के लिए पुलिस मैदान को 18 सेक्टरों में बांटा गया है। इसमें सबसे आगे मंच के दाईं ओर वीवीआईपी, मध्य में महिलाएं और बाईं ओर मीडिया के बैठने का प्रावधान रहेगा। उसके बाद भाग में जिला के अनुसार लाभार्थियों की बैठने की व्यवस्था रहेगी।
मुख्य गेट से एंट्री करेंगे पीएम
रैली के लिए पीएम नरेंद्र मोदी पुलिस मैदान के मुख्य गेट से एंट्री करेंगे। इसके अलावा वीआईपी की एंट्री पुलिस लाइन के गेट के सामने से आगे जाकर से प्रदर्शनी पंडाल के साथ से रहेगी। लाभार्थियों की एंट्री मैदान के सामने और ऊपरी भाग से होगी।
पहले प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे मोदी
साई मैदान से पीएम का काफिला पुलिस मैदान आएगा। सबसे पहले पीएम गेट के दाईं ओर बने प्रदर्शनी पंडाल में जाएंगे। उसके बाद मंच पर जाएंगे। मंच के ठीक पीछे ग्रीन रूम का प्रावधान रहेगा।
कोट्स
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि एसपीजी के निर्देशानुसार लाभार्थी रैली स्थल को तैयार किया जा रहा है। एसपीजी जो निर्देश दे रही है, वैसे काम किया जा रहा है।