पंचरुखी (कांगड़ा)। पंचरुखी बाजार और आसपास के इलाके में असामाजिक तत्वों ने जमकर हुड़दंग मचाया और तोड़फोड़ की। उन्होंने एक ही रात में चार बाइकें उड़ा लीं और दूसरी जगह खड़ी कर दीं। शिकायत पर पुलिस ने सुबह ही चारों बाइकें बरामद कर मालिकों को लौटाईं।
जानकारी के अनुसार रविवार रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने शराब पीकर जमकर हुड़दंग मचाया और सलियाणा व अंद्रेटा से चार बाइकें ले उड़े। चोरों ने बाइकों के लॉक तोड़कर घटना को अंजाम दिया। इसके बाद बाइक स्टार्ट न होने से एक बाइक अंद्रेटा में फेंक दीं, जबकि दो बाइकें अंद्रेटा पीडब्ल्यूडी स्टोर के पास खड़ी मिलीं। वहीं चौथी बाइक उससे थोड़ी दूरी पर बरामद हुई। इसके अलावा हुड़दंगियों ने पंचरुख़ी चौक पर आइसक्रीम की रेहड़ी को भी तोड़ डाला। इस घटना का पता सभी को सुबह ही चला। इसके बाद हरकत में आई पुलिस छानबीन में जुट गई और बाइकों को अंद्रेटा से बरामद कर मालिकों को लौटाया।
इस संदर्भ में पंचरुखी पुलिस थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने बताया कि बाजार में हुड़दंग मचाने वालों को जल्द पता लगाकर पुलिस सबक सिखाएगी।