बैजनाथ (कांगड़ा)। बिजली बोर्ड सब स्टेशन पपरोला ने नगर पंचायत सहित एक भाजपा नेता और सरकारी अस्पताल को डिफाल्टरों की सूची में शामिल कर दिया है। पिछले लंबे समय से बिजली बोर्ड के यह उपभोक्ता बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं। सब स्टेशन के तहत बोर्ड की करीब 14 लाख रुपये की धनराशि इन डिफाल्टरों के पास फंसी है। इसके अलावा 185 डिफाल्टरों की सूची में शामिल उपभोक्ताओं के पास 23 लाख रुपये से अधिक रुपये फंसे हैं।
बोर्ड ने आगामी कार्रवाई के लिए डिफाल्टरों की सूची उच्च अधिकारियों को भेज दी है। इस पर फैसला आते ही बोर्ड आगामी कार्रवाई करेगा। बोर्ड अधिकारियों की मानें तो बोर्ड ने इन डिफाल्टर उपभोक्ताओं को कई बार बिजली बिल का भुगतान करने के निर्देश दिए। लेकिन, अब तक इन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। बोर्ड के अनुसार नौ विभिन्न कैटागरी, जिसमें सरकारी विभाग भी शामिल हैं। उनका आउटस्टेंडिंग का आंकड़ा लगभग 23 लाख 51 हजार के करीब जा पहुंच चुका है। जबकि एक सरकारी अस्पताल, नपं में पपरोला पंचायत घर और भाजपा से संबंधित एक नेता के पास बोर्ड का लगभग 14 लाख रुपये फंसा है। इन तीन के अलावा बोर्ड की सूची में 185 उपभोक्ताओं के नाम शामिल हैं।
कोट्स
उच्च अधिकारियों को भेजी सूची
बिजली बोर्ड सब स्टेशन पपरोला के एसडीओ पूर्ण चंद सूर्या ने बताया कि बोर्ड ने डिफाल्टरों की सूची उच्च अधिकारियों को भेज दी है। आगामी आदेश मिलने पर बोर्ड इनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।