122वीं बार रक्तदान करने चंडीगढ़ से नूरपुर पहुंचे रणदीप
नूरपुर ब्लड डोनर क्लब ने बौढ़ में लगाया रक्तदान शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर/राजा का तालाब (कांगड़ा)। शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहीदी दिवस के अवसर पर बौढ़ में नूरपुर ब्लड डोनर क्लब (एनडीबीसी) ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। चंडीगढ़ निवासी रणदीप बत्ता शनिवार को नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब के अध्यक्ष राजीव पठानिया के बुलावे पर शहीदी दिवस पर आयोजित किए गए रक्तदान शिविर में हिस्सा लेने के लिए बौढ़ पहुंचे। हेल्पफुल नेचर के मालिक 55 वर्षीय रणदीप बत्ता ने कहा कि वो हर तीन महीने के बाद विभिन्न जगहों पर अपना रक्तदान करते हैं।
क्लब ने रक्तदान शिविर को भारतीय सेना को समर्पित किया। शिविर में 417 ने लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं में 327 पुरुष और 90 महिलाएं शामिल रहे। टांडा मेडिकल कॉलेज की टीम ने 207 और पठानकोट ब्लड बैंक की टीम ने 210 यूनिट रक्त एकत्रित किए। इससे पहले शिविर का शुभारंभ एसडीएम डॉ.सुरेंद्र ठाकुर ने किया, जबकि डीएसपी नूरपुर डॉ. साहिल अरोड़ा भी मौजूद रहे। एसडीएम ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। इस अवसर पर नूरपुर ब्लड डोनर क्लब के अध्यक्ष राजीव पठानिया ने कहा कि आज का रक्तदान शिविर पुलवामा में हुए शहीदों को समर्पित है। उन्होंने रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए सभी का आभार जताया। इस मौके पर क्लब ने 122 बार रक्तदान करने के लिए चंडीगढ़ निवासी रणदीप वत्ता को सम्मानित किया। इस मौके पर टांडा मेडिकल कॉलेज के डॉ. सौरभ और डॉ. विकास की टीम ने रक्त एकत्रित किया, जबकि पठानकोट ब्लड डोनर्स क्लब की तरफ से राजविंद्र कौर की अगुवाई में रक्त एकत्रित किया । इस मौके पर क्लब के पदाधिकारी केवी शर्मा, मनोज पठानिया, जीवन महाजन, डॉ. संजीव गुलेरिया, गुलाब सिंह, भूपेंद्र ठाकुर, स्वर्ण राणा शशि शर्मा, रूशांत महाजन और अजय कटोच सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।