नैक की टीम करेगी ढलियारा कॉलेज का मूल्यांकन
परागपुर (कांगड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ढलियारा के मूल्यांकन के लिए नैक टीम 29 और 30 मार्च को कॉलेज का दौरा करेगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की स्वायत्त संस्था राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यापन परिषद की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। यह टीम विभिन्न कसौटियों के आधार पर कॉलेज की वास्तु स्थिति का मूल्यांकन कर इसके स्तर का निर्धारण करेगी। मूल्यांकन एवं प्रत्यायन के लिए कॉलेज प्रशासन ने नवंबर में आवेदन किया था। महाविद्यालय में इन दिनों इसकी तैयारी जोरों से चल रही है। इससे पहले 2011 में भी नैक टीम ने कॉलेज का दौरा किया था, जिसमें कॉलेज को ग्रेड बी मिला था। प्राचार्य प्रो. मधु शर्मा ने बताया कि तीन सदस्यीय टीम के दो दिवसीय दौरे के दृष्टिगत कॉलेज प्रशासन और स्टाफ पूरी तरह तैयार है।