शिकायत करने के बाद भी नहीं रुका अवैध निर्माण
नगर निगम के सुपरवाइजर के सामने डल गया अवैध भवन का लेंटल
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। कोर्ट के आदेशों के बावजूद नगर निगम धर्मशाला अवैध निर्माण रुकवाने में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसका ताजा उदाहरण मंगलवार को नगर निगम के वार्ड नंबर-12 में सामने आया है। नगर निगम धर्मशाला के सुपरिवाइजर के सामने बिना नक्शे पास बन रहे अवैध भवन पर लेंटल डल गया, लेकिन एमसी ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इतना ही नहीं अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम को बाकायदा चार मई को शिकायत भी सौंपी गई थी।
इस पर शिकायतकर्ता को शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन मामले में नगर निगम कोई पुख्ता कार्रवाई नहीं कर सका। नगर निगम के वार्ड नंबर-12 में शुरू हुए इस अवैध निर्माण की शिकायत पड़ोसी ने इसलिए की थी। क्योंकि, इस निर्माण को करते हुए भवन मालिक ने न ही इसका नक्शा पास करवाया था और न ही भवन निर्माण के समय सेट बैक छोड़े गए थे। इतना ही नहीं पड़ोसियों की दीवार के साथ सटाकर भवन की दीवारें खड़ी कर दी गईं। उधर, एमसी की महापौर रजनी व्यास ने बताया कि मामले में अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।