राकेश भारद्वाज
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 24 दिन के कठिन परिश्रम के बाद सभी उम्मीदवारों को अब 39 दिन की लंबी छुट्टी मिलेगी। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब 18 दिसंबर को परिणाम आने हैं। ऐसे में मतदान और परिणाम के बीच लंबा समय है। इस बीच उम्मीदवार लंबी छुट्टियां मना सकते हैं।
विस चुनावों को लेकर 16 अक्तूबर से प्रक्रिया शुरू हुई थी, जो कि नौ नवंबर तक चली। हालांकि पूर्व के चुनावों में घोषणा से पहले ही पार्टियां अघोषित रूप से अपने उम्मीदवार तय कर देती थीं। ऐसे में घोषणा से पहले उम्मीदवार विस क्षेत्रों में प्रचार भी शुरू कर देते थे। इस बार चुनावों की घोषणा के बाद भी पार्टियां उम्मीदवार घोषित नहीं कर सकीं। वहीं, पर्चा भरने के दो-दो दिन बाद, जबकि नोमिनेशन भरने के अंतिम दिन भी कई नामों की घोषणा हुई। ऐसे में पार्टी की ओर से चुनावों में उतरे उम्मीदवारों को जहां चुनाव प्रचार में ज्यादा समय नहीं मिला। वहीं, कम समय में मतदाताओं को रिझाने के लिए कड़ी मेहनत भी करनी पड़ी। करीब 24 दिन के कठिन परिश्रम के बाद अब उम्मीदवारों को 39 दिन का अवकाश रहेगा। इस बीच उम्मीदवार छुट्टियां भी मना सकते हैं और अपने परिवार के सदस्यों के साथ घूमने-फिरने भी निकल सकते हैं।