-पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के मैच के लिए पर्यटकों ने किया रुख
-निचले धर्मशाला में अधिक और मैक्लोडगंज में कम हुई है बुकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में वीरवार को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीम के बीच खेले जाने वाले आईपीएल मैच से एक दिन पहले बुधवार को पर्यटन नगरी के होटलों में 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। सुबह से धर्मशाला में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर व साथ लगते अन्य पड़ोसी राज्याें के वाहन धर्मशाला की ओर रुख करते दिखे।
होटल कारोबारियों की मानें तो इस मैच के लिए निचले धर्मशाला के होटलाें में एडवांस बुकिंग हुई है। हालांकि मैक्लोडगंज के होटलाें में एडवांस बुकिंग बहुत कम है। उम्मीद जताई जा रही है कि सुबह तक यहां भी अच्छी ऑक्यूपेंसी दर्ज होगी। बताया जा रहा है कि 17 मई को होने वाले पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू के मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी रूझान है। हालांकि प्लेऑफ मैच को लेकर ऑनलाइन एडवांस बुकिंग का दौर शुरू नहीं हुआ है।
उधर, इस बारे में होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अश्वनी बांवा ने बताया कि बुधवार देर शाम तक 50 फीसदी होटल ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। वीरवार को होटल कारोबार में बढ़ोतरी होगी यह उम्मीद है।