न्यायालय ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुलह (कांगड़ा)। नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ भवारना पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वीरवार देर रात पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग 154 पर परौर में भवारना पुलिस ने पंजाब के एक युवक को 50 ग्राम चिट्टा सहित पकड़ा है। आरोपी युवक की पहचान बिट्टू (23) पुत्र रघुबंस सिंह निवासी वार्ड नंबर 10 संजय गांधी काॅलोनी, ताजपुर रोड जिला लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी भवारना गुरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने परौर में रात को नाका लगाया था तथा आरोपी युवक वहां से पैदल जा रहा था। आरोपी पुलिस की गाड़ी को देखकर हड़बड़ा गया और उसने कुछ झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने जब उसे चेक किया तो उसमें 50 ग्राम चिट्टा निकला। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।