पंचरुखी/पालमपुर (कांगड़ा)। पंचरुखी पुलिस थाना से पांच किलोमीटर दूर पंचायत टटैहल के गांव नडली के जंगल में अंग्रेजी शराब रॉयल स्टैग की बोतलों के पांच बोरी ढक्कन मिले हैं। इनकी संख्या 17600 है। डीएसपी बैजनाथ व पंचरुखी पुलिस ने इन ढक्कनों को कब्जे में ले लिया है। ऐसे में नकली शराब की बू से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांच बोरियों में हजारों की संख्या में मिले इन ढक्कनों को शराब माफिया पर पुलिस व आबकारी एवं कराधान विभाग की कार्रवाई से भी जोड़कर भी देखा जा रहा है। पुलिस इसकी जांच में जुटी है कि इतनी मात्रा में यह ढक्कन कहां से और कैसे आए हैं, जिससे यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि कहीं नकली रॉयल स्टैग शराब का यहां कहीं नजदीक धंधा तो नहीं फलफूल रहा है। इसका खुलासा पुलिस जांच में ही हो सकता है।
उधर, पंचरुखी के थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने कहा कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पंचरुखी थाना में पहुंचे एसपी खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही इस घटना से पर्दा उठेगा कि इसे अंजाम देेने वाला कौन है।