ढलियारा में तीखे मोड़ पर बाल बाल बची टूरिस्ट बस ।स्रोत : जागरूक पाठक
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। ढलियारा के खतरनाक मोड़ों पर वीरवार सुबह अमरनाथ यात्रियों से भरी एक पर्यटक बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को खुले स्थान की ओर मोड़ दिया, जिससे करीब 49 यात्रियों की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही खूनी मोड़ के पास पहुंची, चालक को वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने में कठिनाई महसूस हुई। स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत बस को सड़क किनारे खुले स्थान की ओर मोड़ दिया। यदि चालक समय रहते यह निर्णय नहीं लेता तो कुछ ही दूरी आगे मौजूद खूनी मोड़ पर बड़ा हादसा हो सकता था।
बस में करीब 49 यात्री सवार थे, जो राजस्थान के जयपुर से अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर जा रहे थे। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री सहम गए, हालांकि किसी को कोई चोट नहीं आई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ढलियारा के खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और सड़क में आवश्यक सुधार की मांग दोहराई। एसपी देहरा संदीप धवल ने घटना की पुष्टि की है।