संवाद न्यूज एजेंसी
ज्वालामुखी/कांगड़ा/चामुंडा। श्रावण अष्टमी मेलों के पांचवें दिन जिले की शक्तिपीठों में काफी श्रद्धालु उमड़े। सोमवार को तीनों प्रमुख मंदिरों में 48,000 श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। ज्वालामुखी मंदिर में सर्वाधिक 35,000, श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में 8,000 और बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में लगभग 5,000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए छठी, सप्तमी और अष्टमी को ज्वालामुखी मंदिर 24 घंटे खुला रहेगा।
ज्वालामुखी मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि कतार व्यवस्था, पेयजल, टेंट, लंगर और निशुल्क चिकित्सा शिविर के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे परिसर पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। पुलिस बल तैनात है।
उन्होंने बताया कि मेले के चौथे दिन ज्वालामुखी मंदिर में आठ लाख 35 हजार 522 रुपये तथा बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में तीन लाख 96 हजार 989 रुपये का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ। श्री चामुंडा धाम में चढ़ावे की गिनती मेला संपन्न होने के बाद एक साथ की जाएगी।