‘मस्त मस्त नजरों से अल्लाह बचाए’ पर मची धूम
अली ब्रदर्स के नाम रही जयसिंहपुर दशहरा उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या
अमर उजाला निभा रहा मेले में मीडिया प्रायोजक की भूमिका
अमर उजाला ब्यूरो
जयसिंहपुर (कांगड़ा)। जयसिंहपुर के राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव की तीसरी एवं अंतिम सांस्कृतिक संध्या पंजाब के प्रसिद्ध सूफी गायक अली ब्रदर्स के नाम रही। अली ब्रदर्स ने सूफी गीतों का तारना छेड़ा, तो सारेगामा फेम राजीव थापा ने हिंदी गीतों की प्रस्तुति दी। जयसिंहपुर के राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव में अमर उजाला ने मीडिया प्रायोजक की भूमिका निभाई।
सूफी ब्रदर्स ने मौला मेरे मौला गाने से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद तुम्हें दिल्लगी भूल जानी पड़ेगी, मेरे रश्के कमर, सोचता हूं कि कितने मासूम थे, मस्त नजरों से अल्ला बचाए........, जुगनी-जुगनी, दमा-दम मस्त कलंदर गीत गाकर लोगों को खूब नचाया। इससे पूर्व राजीव थापा ने चन्ना मैरेय मेरिया, सोनिये तेरा मेरा साथ यूं ही रहना, मठों तरेर मैन भरिया, कचे धागे, कुंजू चंचलों जैसे हिंदी और पहाड़ी गाने गाकर तालियां बटौरीं। राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव के समापन समारोह में आईपीएच मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि ज्वाली के विधायक अर्जुन सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर आईपीएच मंत्री ने जयसिंहपुर में विभाग का विश्राम गृह बनाने की बनाने की घोषणा की, जबकि जयसिंहपुर धार की 23 पंचायतों के लिए 70 करोड़ रुपये की पेयजल योजना, गंदड-अंद्रना पेयजल योजना को आठ करोड़ और बागवानी के लिए 50 करोड़ रुपये की योजना शुरू करने की घोषणा की। इस मौके पर जयसिंहपुर के विधायक रविंद्र धीमान, मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम जयसिंहपुर अश्वनी सूद मुख्य रूप से मौजूद रहे।