हर कहीं पेयजल सप्लाई पाइपों में हो रही लीकेज
लोगों की बार-बार शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे किशन कपूर
आईपीएच नहीं, ठेकेदार के हवाले है स्मार्ट सिटी के पानी की आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में आईपीएच पानी की लीकेज को लेकर बेखबर है। हर रोज हजारों लीटर पानी बेकार बहता है, इस पर आईपीएच कोई कार्रवाई नहीं करता है, क्योंकि आईपीएच ने शहर के पानी आपूर्ति का ठेके निजी ठेकेदार को सौंपा है। ठेकेदार के ही कर्मचारी शहर में अपनी मर्जी से पानी की सप्लाई छोड़ते हैं। इस कारण कई वार्ड के लोगों में भी भारी रोष है।
पानी की सप्लाई कब आती है, लोगों को पता ही नहीं रहता है। आईपीएच सिर्फ निगरानी करता है, जबकि पूरा नियंत्रण ठेकेदार का है। कोतवाली बाजार में पेयजल सप्लाई की पाइपों में लीकेज की शिकायत के चलते वीरवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने पाइपों में लीकेज मिलने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पानी की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने आईपीएच एवं रखरखाव के जिम्मे वाले ठेकेदार को समय-समय पर पाइपें और वॉल्व बदलने को कहा ताकि पानी की बर्बादी को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि पानी की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने लोगों से भी अपनी पानी की टंकियों में ओवरफ्लो को रोकने के लिए फ्लोटिंग वॉल लगवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जल संकट की समस्या से निपटने के लिए 24 घंटे तैयार रहें, इसमें लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।