छावनी में तबदील हुआ नूरपुर बाजार, पांच रिजर्व तैनात
नूरपुर (कांगड़ा)। उपमंडल मुख्यालय में मृत पशु से क्रूरता की घटना के बाद से नूरपुर पुलिस छावनी में तबदील हो गया है। दो दिन से शहर के चौगान बाजार और चंबा रोड की तरफ जाने वाले रास्ते में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बस तैनात कर दिया गया है। जगह-जगह पर तैनात तीन से चार पुलिस जवानों की टुकड़ियां हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं तो वहीं, गुप्तचर विभाग और सुरक्षा एजेंसियों के करीब एक दर्जन लोग भी निगरानी कर रहे हैं। वीरवार सुबह भी इस घटना को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के दौरान भी चौगान में काफी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती देखने को मिली, जो कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और कानून व्यवस्था की स्थिति को कायम रखने के लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए थे। नूरपुर के चौगान में विहिप समेत अन्य हिंदू संगठनों के रोष प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे। डीसी कांगड़ा संदीप कुमार और एसपी संतोष पटियाल ने भी इस कृत्य को अंजाम देने वाले को जल्द ही जनता के सामने लाने का भरोसा दिलाते हुए धार्मिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ-साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।