अमर उजाला ब्यूरो
इंदौरा (कांगड़ा)। एसडीएम नूरपुर आबिद हुसैन सादिक ने राम गोपाल मंदिर की भूमि पर बसे किरायेदार, जिन्होंने मंदिर प्रशासन के पास अभी तक किराया जमा नहीं करवाया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया किसभी डिफाल्टरों को मंदिर ने नोटिस जारी कर एक हफ्ते में किराया भरने को कहा था, लेकिन अभी तक किराया अदा नहीं किया गया है। उन्होंने चेताया कि अगले सप्ताह के भीतर किराया अदा नहीं करने पर दुकानों पर प्रशासन ताला जड़ देगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं, एसडीएम ने मंदिर की भूमि से कटे खैर के पेड़ों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डमटाल पुलिस चौकी प्रभारी को मंदिर में तलब किया और अभी तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम नूरपुर और इंदौरा ने राम गोपाल मंदिर की गौशाला में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इससे पहले राम गोपाल मंदिर डमटाल में मंदिर की जंगल की भूमि की चराई के लिए एक वर्ष के लिए खुली बोली करवाई गई। इसमें बोलीदाताओं ने जंगल की भूमि पर बोली लगाकर तीन लाख 81 हजार में अपने नाम किया, जबकि पिछली मर्तबा यह बोली एक लाख तक ही सीमित रही थी। वहीं, चक्की खड्ड में भी चराई के लिए भूमि को बोली कर्ता ने 35 हजार की उच्चतम बोली लगाकर अपने नाम किया। इस मौके पर एसडीएम नूरपुर आबिद हुसैन सादिक और इंदौरा के एसडीएम अंकुश शर्मा मौजूद रहे। इस अवसर पर मंदिर के एसडीओ शमशेर मन्हास, पटवारी यशपाल सिंह, पटवारी तरबीज सिंह, राजेश कुमार, संत राम और मंदिर का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।