घेरा-सुखुघाट-चमियारा-भितलु सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाते उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया। -
शाहपुर (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के धारकंडी क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के विकास के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 35 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया ने घेरा-सुखुघाट-चमियारा-भितलु सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। 3.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से 15 गांवों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि घेरा-बरनेट सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए करेरी के आसपास पांच नए स्थानों को इको-टूरिज्म के तहत चिह्नित किया गया है। मिडल स्कूल करेरी में दो नए कमरों का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने नौरा गांव को सड़क से जोड़ने के लिए सर्वे करने के भी आदेश दिए।
उन्होंने खड़ीबही-रावा में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा 5 लाख रुपये की लागत से बने झूला पुल का लोकार्पण किया और करेरी में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वन खंड अधिकारी कार्यालय एवं आवास भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान, ग्रामीण विकास विभाग रैत के कार्यक्रम में जय शनिदेव, जय इंद्रुनाग, धौलाधार, गड़ेश्वरी और राधा कृष्ण महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई।
उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया और अधिकारियों ने वेलेंटाइन डे पर परांदे व अन्य उत्पाद भी खरीदे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निपटारा किया गया और शेष को संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के लिए भेजा गया।