चामुंडा (कांगड़ा)। श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम मंदिर में श्रावण अष्टमी मेलों के लिए प्रशासन व मंदिर प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुगम दर्शन के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। सुरक्षा का जिम्मा 33 गृहरक्षक और 30 पुलिस कर्मी संभालेंगे। बाणगंगा व खड्ड क्षेत्र में सुरक्षा के दृष्टिगत तीन तैराक भी तैनात किए गए हैं। संपूर्ण परिसर व रास्तों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। मेलों के दौरान मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद होंगे। श्रद्धालुओं की आमद बढ़ने पर समय में वृद्धि की जा सकती है।
प्रमुख व्यवस्थाएं व दिशा-निर्देश
यातायात व पार्किंग: डाढ़ और बड़ोई में पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। मंदिर परिसर के भीतर किसी भी वाहन की पार्किंग पर पूर्ण पाबंदी रहेगी और मुख्य द्वार पर बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाएं: पीएचसी बड़ोई और स्थानीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। मंदिर अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि आयुर्वेदिक अस्पताल को दवाओं के लिए 10,000 रुपये प्रदान किए गए हैं।
विशेष सुविधाएं: दिव्यांगों और चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्गों के लिए निशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सफाई व्यवस्था का जिम्मा सुलभ शौचालय संगठन को सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त पांच जागरण समितियों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।