बेरोजगारों के कम ब्याज दर पर मिलेगा ऋण
दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत दी जाएगी सहायता राशि
नगर परिषद नगरोटा बगवां ने मांगे इच्छुक लोगों से आवेदन
अनिल भंडारी
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां नप राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऋण के रूप में सहायता राशि प्रदान करवाएगी। दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत लाभार्थी को सात प्रतिशत ब्याज पर दो लाख रुपये तक का ऋण विभिन्न बैंकों के दिलाया जाएगा।
इस मिशन के तहत इच्छुक बेरोजगार को ऋण प्राप्ति के लिए आसान औपचारिकताओं से गुजरना पड़ेगा। इस मिशन का एक लाभ यह भी है कि यदि किसी व्यक्ति ने स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना के तहत पहले से ही ऋण के लिए आवेदन कर रखा है तो नगर परिषद उसे ब्याज में उक्त अनुदान प्रदान करेगी। नगर परिषद की ओर से इस मिशन के तहत इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। मिशन के तहत ईओ की अगुआई में गठित पांच सदस्यीय कमेटी आवेदन की जांच पड़ताल करके बैंक से संबंधित व्यक्ति को ऋण प्रदान करने के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान करेगी। योजना के अंतर्गत इस ऋण का वही व्यक्ति हकदार होगा, जो मौजूदा समय में डिफाल्टर न हो। नप ईओ चमन लाल कपूर ने स्पष्ट किया कि औपचारिकताओं में इच्छुक प्रार्थी का आधार कार्ड, राशन कार्ड की प्रतिलिपि और प्रार्थना पत्र शामिल है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऋण की राशि केवल उसी काम पर लगाई जाएगी जिस काम हेतु ऋण लेते समय आवेदन किया हो। उन्होंने कहा नगर का कोई भी बाशिंदा अपने जीवन यापन हेतु इस योजना से लाभान्वित होने को नप कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आवेदन कर सकता है।