करोड़ों के तपोवन विस परिसर में कैंटीन तक नहीं
सर्दी के मौसम में खाना तो दूर चाय की चुसकी को तरस रहे फरियादी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। करोड़ों रुपये की लागत से बने तपोवन विधानसभा परिसर में एक कैंटीन तक की सुविधा नहीं है। एक बार अगर फरियादी गेट के अंदर आ जाता है, तो उसके बाद उसे चाय भी नसीब नहीं होती है। गेट के बाहर भी एकमात्र टी स्टाल है, जहां खाना भी नहीं मिलता है, जो फरियादी सुबह से घर से निकलकर सरकार के पास अपने काम करवाने आता है, उसे तपोवन विस परिसर में घंटों भूखे और बिना चाय पीए माननीयों का इंतजार करना पड़ता है। माननीयों से मिलने आए नरेंद्र कुमार, सतीश, संदीप, विवेक, संजय, दीप धीमान, सुरेंद्र धीमान और राहुल ने कहा कि विस परिसर में कैंटीन की सुविधा होनी चाहिए, ताकि बाहर से आए लोग वहां चाय, नाश्ता और भोजन कर सकें।
सीएम को मुंबई आने का दिया न्यौता
धर्मशाला। जय ज्वाला मां हिमाचल संघ मुंबई का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को तपोवन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को हिमाचल दिवस पर मुंबई आने का निमंत्रण दिया। संस्था पिछले 11 वर्षों से मुंबई में हिमाचल दिवस मना रही है और यह संस्था अनेक सामाजिक कार्यों में भी कार्यरत है।