धर्मशाला शहर के 38 डिपो का औचक निरीक्षण
खाद्य आपूर्ति विभाग की दबिश से डिपोधारकों में हड़कंप
महापौर ने आमसभा में उठाया था राशन कोटे का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला की आमसभा में शहर के डिपो में समय पर राशन कोटा न मिलने का मामला उठने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग हरकत में आ गया है। अमर उजाला में 19 जुलाई को प्रकाशित धर्मशाला क्षेत्र के डिपुओं में समय पर नहीं मिल रहा राशन शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय टीम ने शहर के सभी डिपो का औचक निरीक्षण किया। विभागीय टीम ने शहर के 38 डिपो में दबिश दी, जिससे डिपोधारकों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षकों ने औचक निरीक्षण में धर्मशाला शहरी क्षेत्र की सभी उचित मूल्य की दुकानों में मौके पर विनिर्दिष्ट वस्तुओं का ब्योरा लिया। बता दें कि एमसी की आमसभा में महापौर रजनी ब्यास ने धर्मशाला शहर के दायरे में आने वाले डिपो में समय पर राशन कोटा न मिलने का मामला प्रमुखता के साथ उठाया था।
उधर, जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक कांगड़ा नरेंद्र धीमान ने कहा कि शहरी क्षेत्र की सभी उचित मूल्य की दुकानों को विनिर्दिष्ट वस्तुओं की आपूर्ति 15 जुलाई से पहले कर दी गई है।
बाक्स
टोल फ्री नंबर-1967 पर शिकायत करें उपभोक्ता
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने लोगों से सस्ते राशन अथवा उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं एवं शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर-1967 जारी किया है। इस नंबर पर उपभोक्ता सस्ते राशन और उपभोक्ताओं से जुड़ी अन्य शिकायतें कर सकते हैं।