सर्द मौसम ने ठंडा किया हॉट पर्यटन सीजन
चार दिन की बारिश ने 40 प्रतिशत घटाई होटलों में आक्यूपेंसी
विपिन चौधरी
धर्मशाला। पिछले चार-पांच दिन से सर्द हवाओं की चपेट में आ रही पर्यटन नगरी धर्मशाला में हॉट पर्यटन सीजन भी प्रभावित हुआ है। एकाएक मौसम सर्द होने के चलते यहां के होटलों की आक्यूपेंसी भी 40 प्रतिशत के करीब कम हुई है। इसके अलावा इस वीकेंड पर पर्यटन नगरी के होटल भी पूरी तरह से खाली रहे। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी बांबा की मानें तो यह वीकेंड होटल व्यवसायियों के लिए अच्छा नहीं गुजरा है। उन्होंने बताया कि जब पर्यटन नगरी धर्मशाला में बारिश होती है तो गर्मी के मौसम में आने वाले पर्यटक की आमद भी कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि लोग गर्मी से निजात पाने के लिए पहाड़ों का रुख करते हैं, लेकिन यहां पर मौसम ठंडा होने के बाद अन्य राज्यों में भी मौसम ठंडा हो जाता है, जिसके चलते यहां पर पर्यटकों की आवाजाही में असर पड़ता है। धौलाधार ने ओड़ी बर्फ की चादर
रविवार रात हुई बारिश के चलते धौलाधार की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। वहीं बर्फबारी होने के बाद सोमवार को जिलाभर में गर्मी से राहत मिली। बारिश से जिले में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। किसानों ने बारिश होने से राहत की सांस ली है।
इस वीकेंड नहीं भेजीं स्पेशल बसें
बारिश ने पर्यटन सीजन को कितना प्रभावित किया है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वीकेंड पर एचआरटीसी को कोई भी स्पेशल बस चलाने की जरूरत महसूस नहीं हुई। एचआरटीसी के धर्मशाला डिपो के आरएम पंकज चड्ढा की मानें तो गत वीकएंड पर पर्यटकों की सुविधा के लिए आठ स्पेशल बसें दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए रवाना की थीं। लेकिन, इस वीकेंड पर एक भी स्पेशल बस को नहीं भेजा गया है।