अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में चैत्र नवरात्र शुरू होने से एक हफ्ता पहले ही भारी संख्या में श्रद्धालु मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शनों को पंहुच रहे हैं। दिन प्रतिदिन श्रद्धालुओं की आमद में बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के मंदिर में पवित्र ज्योतियों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
रविवार को हिमाचल सहित बाहरी राज्यों दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर में सफाई व्यवस्था और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध सुविधाजनक दर्शनों का जिम्मा मंदिर के सिक्योरिटी इंचार्ज रविदत्त भारद्वाज को सौंपा गया है। मंदिर में बेहतर व्यवस्था बनाने के कार्यकारी मंदिर अधिकारी अमित गुलेरी, कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक कमल ठाकुर, देशराज, बलदेव सिंह, मनोहर, सुनीता देवी की टीमें गठित की गई हैं, जो कि समय-समय पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को जायजा ले रही हैं। जहां पर भी कोई कमी नजर आ रही है। उसे मंदिर प्रशासन के समक्ष रखा जा रहा है। पुलिस कर्मी भी मंदिर में जाने वाले हर श्रद्धालु की पूरी चेकिंग करके ही मंदिर दर्शनों को भेज रहे हैं। श्रद्धालु मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन सुविधापूर्वक कर रहे हैं। वहीं, शहर में सभी पार्किंग फुल हो गई हैं और स्थानीय दुकानदारों को भी ऑफ सीजन के बाद श्रद्धालुओं की आमद देेखकर चेहरे खिल गए हैं। कार्यकारी मंदिर अधिकारी वेद प्रकाश अवस्थी ने मंदिर के समस्त कर्मियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए और श्रद्धालुओं को सुविधायुक्त दर्शन करवाए जाएं।