धर्मशाला। शेयर बाजार में निवेश कर 15 से 20 फीसदी तक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 19.50 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पालमपुर पुलिस थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार करीब एक माह पहले उसे व्हाट्सएप पर एक कॉल आई थी। इसमें कॉलर ने शेयर बाजार में भारी रिटर्न का लालच दिया। आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने उनके बताए बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों में रकम जमा कराई। इसमें से कुछ राशि अपने बैंक खाते, कुछ नकद और कुछ राशि दोस्तों के खातों के माध्यम से भेजी गई।
इस तरह कुल 19.50 लाख रुपये ऐंठने के बाद आरोपियों ने पीड़ित के फोन कॉल का जवाब देना बंद कर दिया और उनके मोबाइल नंबर भी बंद आने लगे। संपर्क न होने पर पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने कहा कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पालमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। लेनदेन से जुड़े बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर लिया जाएगा।