बैजनाथ में पार्किंग का 22 फरवरी को होगा शिलान्यास
दो करोड़ से बनने वाली पार्किंग से पर्यटकों को होगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ पपरोला नपं के तहत खीर गंगा घाट के समीप प्रस्तावित पार्किंग का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। दो करोड़ रुपये से बनने वाली इस पार्किंग का शिलान्यास 22 फरवरी को शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी करेंगी।
शिलान्यास के बाद मार्च माह में इस पार्किंग के निर्माण कार्य के शुरू होने की उम्मीद है। दो मंजिला पार्किंग में 100 से अधिक चार पहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे, जबकि छोटे वाहनों के लिए अलग व्यवस्था होगी। धरातल को अन्य समारोहों के लिए प्रयोग में लाया जा सकेगा। वर्तमान में ऐतिहासिक शिव मंदिर में मेलों और अन्य समारोहों के समय चौबीन चौक से लेकर विनबा पुल तक के मार्ग पर लोग बेतरतीब ढंग से वाहनों को पार्क करते हैं। इन दिनों जाम की स्थिति बनी रहती है। पार्किंग के निर्माण से जहां श्रद्धालु खीर गंगा घाट से होते हुए सीढ़ियों से मंदिर तक पहुंचेंगे। एनएच के किनारे वाहन खड़ा करने से लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। नपं की अध्यक्षा रुचि कपूर ने बताया कि 22 फरवरी को विधायक मुल्ख राज प्रेमी की उपस्थिति में पार्किंग का शिलान्यास मंत्री सरवीण चौधरी करेंगी। शिलान्यास के बाद नपं में आवास योजना के तहत बनने वाले 458 मकानों के लिए पहली किस्त भी लाभार्थियों को जारी की जाएगी।