एयरपोर्ट से टीएमसी के चप्पे-चप्पे
पर तैनात होंगे पुलिस के जवान
राष्ट्रपति की सुरक्षा 30 एएसपी डीएसपी अधिकारियों के जिम्मे
चार बटालियनों के 1000 जवान भी संभालेंगे मोर्चा
विपिन चौधरी
धर्मशाला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दौरे के दौरान करीब 1000 पुलिस जवान उनकी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। इसके अलावा एएसपी और डीएसपी रैंक के 30 वरिष्ठ अधिकारी भी राष्ट्रपति दौरे के दौरान तैनात रहेंगे। जानकारी के अनुसार 29 अक्तूबर को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में होने वाले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जिम्मा चार बटालियनों के जवान संभालेंगे। इस दौरान गगल एयरपोर्ट से लेकर टांडा मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कांगड़ा पुलिस ने फर्स्ट आईआरबी, द्वितीय आईआरबी, फोर्थ आईआरबी और सिक्स्थ भारतीय रिजर्व बटालियन के जवानों को सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार भारतीय रिजर्व बटालियन की ये टुकड़ियां 26 अक्तूबर तक कांगड़ा पहुंच जाएंगी।
रद्द होंगी कांगड़ा पुलिस की छुट्टियां
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति के दौरे के दौरान जिला कांगड़ा में तैनात पुलिस जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। 29 अक्तूबर तक आपातकालीन स्थिति में छुट्टियों के अलावा अन्य छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है।
कोर्ट
-राष्ट्रपति दौरे के दौरान करीब 1000 पुलिस जवान ड्यूटी देंगे। इसके अलावा 30 के करीब डीएसपी और एएसपी रैंक के अधिकारी भी ड्यूटी निभाएंगे। साथ ही पुलिस जवानों की 29 अक्तूबर तक की छुट्टियों को भी रद्द कर दिया गया है। - बद्री सिंह, एएसपी, कांगड़ा