खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने प्रतिबंधित थर्मोकोल और पॉलिथीन पकड़ा
नगरोटा बगवां में सात दुकानदारों के चालान, 14 हजार वसूले
खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने नगरोटा बगवां में किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने नगरोटा बगवां में व्यापक स्तर पर छापामारी कर प्रदेश में प्रतिबंधित थर्मोकोल और पॉलिथीन के लिफाफे बरामद कर सात दुकानदारों से हजारों रुपये बतौर जुर्माना वसूल किए हैं। छापामारी में विभाग के नगरोटा बगवां के निरीक्षक सुरेश कुमार, भवारना के निरीक्षक मनजीत सिंह, रैत के निरीक्षक मोहिंद्र सिंह और अन्य शामिल रहे।
छापामारी के दौरान नगरोटा बगवां का मुख्य बाजार विभाग के निशाने पर रहा, जहां पर टीम ने लगभग 50 दुकानों का निरीक्षण किया। इसमें सात दुकानों से प्रतिबंधित थर्मोकोल और पॉलिथीन के एवज में मौके पर ही कुल 14 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की। नगरोटा बगवां के निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि विभागीय टीम ने किराना विक्रेताओं के अलावा सब्जी और ढाबों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बिना मूल्य सूची पाए गए सब्जी विक्रेताओं से लगभग तीन क्विंटल सब्जी और एक ढाबे से एक घरेलू गैस सिलिंडर भी जब्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
---