लंज (कांगड़ा)। विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत डोल के गांव पद्दर में जमीन धंसने से छह रिहायशी मकानों को खतरा पैदा हो गया है। अमर उजाला में छपी खबर के बाद वीरवार को कोटला सब तहसील के नायब तहसीलदार केवल कृष्ण ने नुकसान का जायजा लिया।
इस मौके पर बीडीसी साधु राम राणा, पंचायत प्रधान केवल कृष्ण भारद्वाज भी साथ थे। वहीं, पूर्व मंत्री चंद्र कुमार ने भी गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया। लगातार हो रही बारिश से भूमि का धंसना लगातार जारी है। भूमि के कटाव का रुख धान एवं मक्की के खेतों के साथ छह रिहायशी मकानों की ओर तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। इस कारण लोगों को अपनी कीमती भूमि में फसलों की तबाही के साथ-साथ रिहायशी मकानों के धंसने की चिंता सताने लगी है। उधर, नायब तहसीलदार केवल कृष्ण ने बताया कि पद्दर गांव में जमीन धंसने से ग्रामीणों की लाखों रुपये की भूमि तबाह हो चुकी है एवं फसल व छह रिहायशी मकान भी खतरे की जद में आ चुके हैं। उन्होंने करीब दस लाख रुपये के नुकसान का आंकलन कर भूमि को धंसने से रोकने की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पंचायत समिति सदस्य साधु राम राणा व पंचायत डोल के प्रधान केवल सिंह को अनुमान बनाकर शीघ्र उपतहसील में पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपप्रधान चूनी लाल, पूर्व उपप्रधान हरनाम, विधि चंद, जगरूप सिंह, कैप्टन कुलदीप, कैप्टन सोमराज, ओम प्रकाश, खेम चंद, खैंवो राम, अमीं चंद, मुंशी राम, विधि चंद, तिलक, अश्विनी कुमार, सोम राज, हरनाम सिंह, सुभाष चंद, नगीन चन्द, राज कुमार व चमन लाल भी उपस्थित रहे।