प्रदूषण मुक्त रखें पहाड़ और नदियां
कूड़ा-कचरा प्रबंधन पर कार्यशाला में एसडीएम ने किया आह्वान
कार्यशाला में जिलाभर के नगर निकायों, शिक्षण संस्थानाें ने लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। सामुदायिक संचालित कचरा प्रबंधन स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक कदम विषय पर नगर परिषद कांगड़ा और गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण एवं सतत विकास संस्थान शाखा मोहल कुल्लू ने टंडन क्लब में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का शुभारंभ एसडीएम जतिन लाल ने किया।
कार्यशाला में जिला कांगड़ा के विभिन्न नगर निकायों के पार्षदों, शिक्षण संस्थानों और समाजसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यशाला के शुभारंभ पर जीवी संस्थान के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. एसएस सामंत ने संस्थान की गतिविधियों और प्रदेश में चलाए जा रहे अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कूड़ा कचरा प्रबंधन मौजूदा समय की विकराल समस्या है। कूड़े-कचरे से बहुत उत्पाद बन सकते हैं और आजीविका का साधन भी बन सकते हैं। एसडीएम जतिन लाल ने कहा कि कूड़े का वर्गीकरण होना बहुत जरूरी है। पर्यटन राज्य देवभूमि हिमाचल को देश का अग्रणी राज्य बनाना है तो पहाड़ों और नदियों को प्रदूषण से मुक्त रखना बहुत ही जरूरी है। नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी कंचन बाला ने नगर के विभिन्न वार्डों में कूड़ा कचरा प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि नप की ओर से शुरू की गई कूड़ा कचरा प्रबंधन योजना जनता की सहभागिता से कारगर साबित होती दिख रही है। इस मौके पर श्याम नारायण, वैज्ञानिक डॉ. वैभव, डॉ. रेणूलता, डॉ. किशोर और इंजीनियर आरके सिंह ने भी अपने विचार साझे किए।