अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। सूबे के अहम विधानसभा क्षेत्रों में शुमार धर्मशाला में अपने पांच साल के कार्यकाल में स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा ने अपनी विधायक निधि से 231 योजनाओं को फंडिंग की। इन योजनाओं के लिए विधायक क्षेत्र विकास निधि में करीब 2 करोड़ 85 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई। इनमें से कई योजनाओं का काम पूरा हो चुका है तो कई अभी निर्माणाधीन हैं।
पांच सालों में विधायक निधि का सर्वाधिक हिस्सा धर्मशाला हलके की विभिन्न पंचायतों में जीप योग्य और पैदल संपर्क मार्गों के निर्माण पर खर्चा गया है। इसके अतिरिक्त मातृ शक्ति को तरजीह देते हुए महिला मंडलों के भवन निर्माण और उनमें फर्नीचर और अन्य सामान के लिए भरपूर राशि दी गई है।
चालू वित्त वर्ष में तो करीब 48 महिला मंडलों को सामान खरीदने के लिए 10-10 हजार रुपये के हिसाब से 4.80 लाख रुपये की धनराशि विधायक निधि से जारी की गई है। साल 2013-14 में धर्मशाला हलके में एमएलए लैड के तहत 50 लाख रुपये की लागत से 35 योजनाएं मंजूर हुईं। 2014-15 में 50.32 लाख के बजट वाली 32 योजनाएं, 2015-16 में 75 लाख रुपये की 52 योजनाएं, 2016-17 में एक करोड़ लागत वाली 64 योजनाएं और 2017-18 में जुलाई तक 9.70 लाख रुपये की 48 योजनाओं को मंजूरी दी गई।
सात पंचायतों में वाई-फाई हॉट स्पाट
बीते पांच सालों में विधायक निधि से धर्मशाला हलके की सात पंचायतों में जनता को निशुल्क इंटरनेट सुविधा के लिए वाई-फाई हॉट स्पाट लगाने के लिए प्रति पंचायत 2.30 लाख रुपये मंजूर किए गए। इन पंचायतों में पंतेहड़ पासू, सुक्कड़, बगली, झियोल, मंदल, मनेड़ और सराह शामिल हैं।