अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। प्रदेश विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत धर्मशाला निर्वाचन क्षेत्र में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए राजकीय महाविद्यालय के सभागार में चुनावी पूर्वाभ्यास का आयोजन किया गया। पूर्वाभ्यास में 1350 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
इनमें 242 पीठासीन अधिकारी, 250 सहायक पीठासीन अधिकारी, 858 मतदान अधिकारियों के अतिरिक्त 10 सेक्टर ऑफिसर, 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 6 ईवीएम और वीवीपैट ट्रेनर्स ने भाग लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सीपी वर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्वाभ्यास में चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपने सभी संदेह दूर करने की अपील की, ताकि चुनाव के दिन परेशानी का सामना न करने पड़े। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्व का बखूबी निर्वहन करें और चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र तौर पर संपन्न करवाने में अपना सहयोग दें। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चुनाव आयोग की ओर से निर्धारित उनकी ड्यूटी बारे जानकारी दी। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईवीएम के साथ-साथ प्रदेश में पहली बार चुनाव में इस्तेमाल वीवीपैट मशीन, आरओेनेेट प्रणाली सिस्टम तथा चुनाव दिवस प्रबंधन प्रणाली की जानकारी दी गई। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम श्रवण मांटा ने भी संबोधित किया । शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।