रक्कड़ (कांगड़ा)। पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत भ्रांता गांव के लापता व्यक्ति का शव पुलिस ने करीब 17 दिन बाद बरामद कर लिया है। बता दें कि पंचायत रक्कड़ के गांव भ्रांता का महिंद्र सिंह (62), पुत्र फान्दू राम करीब दो सप्ताह पहले लापता हो गया था। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस थाना रक्कड़ में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।
जानकारी के मुताबिक दो सप्ताह पहले महिंद्र सिंह चारा लेने जंगल में गया था लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद चिंतित परिजन उसे ढूंढने निकले, लेकिन तीन दिन तक कोई पता नहीं चला। वहीं पुलिस ने भी तलाश करने में पुरजोर कोशिश की। डॉग स्क्वायड और ड्रोन के माध्यम से भी पंजपीरी के जंगलों में तलाश किया। लेकिन कोई खोज खबर नहीं लगी फिर भी पुलिस और ग्रामीण दिन-रात महिंद्र की तलाश में जुटे रहे। अंतत: सोमवार को पंजपीरी के जंगल में पुलिस ने एक शव को बरामद किया। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि महिंद्र सिंह पेड़ से गिरा होगा। यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। वहीं धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को बुलाकर शिनाख्त की जा रही है। परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त करवाई गई। उधर, डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।