जिले में चार नए स्थानों पर भर सकेंगे नामांकन
सुलह, नगरोटा बगवां, फतेहपुर और शाहपुर में की व्यवस्था
जिला में नए एसडीएम कार्यालयों में उम्मीदवारों को मिलेगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। कांगड़ा जिला में इस बार चार नए स्थानों पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के नामांकन पत्र लेने की व्यवस्था रहेगी। अब शाहपुर, सुलह, नगरोटा बगवां और फतेहपुर विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों को दूसरे उपमंडल कार्यालय में नामांकन पत्र भरने नहीं जाना पड़ेगा।
इससे पहले विस चुनाव में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों को निर्वाचन अधिकारी धर्मशाला, सुलह के उम्मीदवारों को पालमपुर, फतेहपुर के उम्मीदवारों को जवाली और नगरोटा बगवां के उम्मीदवारों को कांगड़ा जाना पड़ता था। इस कारण उन प्रत्याशियों को अपनी विधानसभा से बाहर जाकर नामांकन भरने के लिए प्रदर्शन करना पड़ता था, लेकिन अब नए एसडीएम कार्यालय खुलने के कारण चारों विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों को अपने विस क्षेत्र में ही शक्ति प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। सुलह विस के उम्मीदवार धीरा स्थित एसडीएम कार्यालय में नामांकन पत्र भरेंगे। वहीं, इंदौरा विधानसभा के उम्मीदवारों के लिए पहले से वहीं पर नामांकन पत्र भरने की व्यवस्था रहती है। हालांकि इंदौरा में उपमंडल कार्यालय पिछले सप्ताह ही शुरू हुआ है। अब जिला के सभी विधानसभा में उपमंडल बन गए हैं। जिला में 15 उपमंडल कार्यालय बन गए हैं।
कोट्स
तहसीलदार निर्वाचन चुनी लाल ने कहा कि इस बार जिला में चार नए स्थानों पर एसडीएम कार्यालय खुले हैं। जहां पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार 23 अक्तूबर तक नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं।