पहले जागरूकता अभियान, फिर कटेंगे चालान
नगरोटा बगवां थाना में रोड सेफ्टी क्लब की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। युवा वर्ग को यातायात नियमों की जानकारी मुहैया करवाने के लिए पुलिस कर्मी अब शिक्षण संस्थानों का रुख करेंगे। पुलिस थाना नगरोटा बगवां में डीएसपी कांगड़ा पूर्ण चंद की अध्यक्षता में रोड सेफ्टी क्लब की बैठक हुई। इसमें नशा कर वाहन न चलाने, हेलमेट का प्रयोग करने और दोपहिया वाहन चालक के साथ पीछे बैठी सवारी को भी हेलमेट की अनिवार्यता से जागरूक करने को लेकर बच्चों को जागरूक करने के निर्देश दिए। जागरूकता के बाद भी सुधार नहीं हुआ, तो पुलिस तेजी और सक्रियता से चालान मुहिम चलाएगी। बैठक में टैक्सी चालकों ने कुछ निजी वाहन मालिकों के सवारियां ढोकर उनकी रोजी रोटी और सरकार को चूना लगाने की शिकायत कर इस पर अंकुश लगाने की मांग उठाई।
डीएसपी ने ऑटो चालकों से एसडीएम के माध्यम से किरायों के रेट निर्धारित करवाने को कहा, जबकि यातायात व्यवस्था के मद्देनजर नगर में बलधर रोड पर एक रेड लाइट स्थापित करने की जरूरत पर भी डीएसपी का ध्यान दिलाया गया। बैठक में निजी स्कूल संचालकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को रोड सेफ्टी क्लब का सदस्य बनाने का निर्णय लिया। बैठक में दीपक मल ठाकुर, अजय सपेहिया, कुलदीप जोंकी, एएसआई अशोक राणा, ऑटो और टैक्सी चालक मौजूद रहे।