एसडीओ पर अभद्र टिप्पणी पर मुखर हुई सैनिक लीग
बिजली बोर्ड यूूनियन के पदाधिकारी ने किया अभद्र भाषा का प्रयोग
अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। बिजली बोर्ड में कार्यरत एसडीओ के खिलाफ बिजली बोर्ड यूनियन के पदाधिकारियों की अभद्र टिप्पणी से पूर्व सैनिक लीग मुखर हो गई है। पूर्व सैनिक लीग में यूनियन के पदाधिकारियों के खिलाफ रोष पनपने लगा है। नेवी से रिटायर वर्तमान बिजली बोर्ड एसडीओ पर यूनियन के पदाधिकारियों ने अभद्र टिप्पणी की है।
पूर्व सैनिक लीग पालमपुर की बैठक लीग अध्यक्ष सीडी सिंह गुलेरिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें बैजनाथ, जयसिंहपुर, धीरा और पालमपुर उपमंडलों के पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। लीग के अध्यक्ष ने कहा कि एसडीओ सुरजीत कुमार के लिए यूनियन के पदाधिकारियों की अभद्र भाषा का प्रयोग होने से सभी पूर्व सैनिक शर्मसार हो रहे हैं। पदाधिकारी के विरुद्ध कड़ा संज्ञान लेते हुए इस मामले को प्रशासन समेत विद्युत बोर्ड के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। पदाधिकारी ने अपने शब्द वापस नहीं लिए तो पूर्व सैनिक लीग सड़कों पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करेगी। साथ ही कार्यालयों के समक्ष धरने देगी। लीग ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री, रक्षा मंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के समक्ष भी इस बात को पहुंचाने की बात कही। इससे पूर्व लीग सदस्यों ने नूरपुर बस हादसे में मौत का ग्रास बने नन्हें स्कूली बच्चों की आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। बैठक में वीर चक्र विजेता कैप्टन गोवर्धन सिंह, कैप्टन ओंकार सिंह, संतोष कटोच, रशम चंद कटोच, शेष राम, जगदीश चंद और अनिल व्यास सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
---