अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश परिवहन मजदूर संघ के अधिवेशन में बाहरी लोगों के शामिल होने से कर्मचारी नेताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। अधिवेशन में जहां भारतीय मजदूर संघ ने बैठक में अनाधिकृत कर्मचारी नेताओं को बुलाने का आरोप लगाकर आपत्ति जाहिर की और प्रोटोकॉल का ध्यान न रखने का भी आरोप अधिवेशन में लगाया। इससे परिवहन मजदूर संघ के अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर बिफर गए। देखते ही देखते बीएमएस और परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों के बीच आपस में धक्का-मुक्की हो गई। बीएमएस के प्रदेश महामंत्री मंगत राम नेगी एवं अन्य पदाधिकारियों और परिवहन मंजदूर संघ के अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर के बीच अधिवेशन में हुई गहमा-गहमी के बाद बीएमएस के पदाधिकारी बैठक से बाहर आ गए।
इनसेट.....
बीएमएस महामंत्री मंगत राम नेगी और संगठन मंत्री निरंजन, परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश प्रभारी विपिन डोगरा ने आरोप लगाया कि परिवहन मजदूर संघ के अधिवेशन में प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर बाहरी लोगों को लेकर आए थे। अधिवेशन में प्रदेशाध्यक्ष ने प्रोटोकॉल का भी ध्यान नहीं रखा। भारतीय मजदूर संघ ने शंकर सिंह को 15 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है। संतोषजनक उतर या माफी न मांगने पर शंकर सिंह को उनके पद से निष्कासित किया जा सकता है। अधिवेशन में अव्यवस्था फैलाने के साथ अनाधिकृत व्यक्तियों को बुलाकर भगदड़ की कोशिश की है। शंकर सिंह ने बीएमएस के महामंत्री राजकुमार रतन को बैठक को स्थगित करने को कहा है, जोकि गलत है। बीएमएस परिवहन मजदूर संघ का आगामी अधिवेशन अपनी देख-रेख में बुलाएगा। शंकर ने संघ के महामंत्री से दुर्व्यवहार और झगड़ा करने की कोशिश की, जो कि सहन नहीं की जा सकती है। इस मौके पर संगठन के जसमेर राणा, शशी पाल, प्रवीण शर्मा, तेज राम, विनोद, चमन लाल वर्मा और राम लाल ठाकुर आदि मौजूद रहे।
राहुल गांधी की रैली का जमा नहीं हुआ पैसा: शंकर
परिवहन मजदूर संघ के अधिवेशन का आयोजन निगम की कार्यशाला में किया गया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की चुनावी रैली की दो करोड़ की राशि लंबित चल रही है। इस राशी की उगाही करके परिवहन के पेंशनर्स को पेंशन दी जा सकती है। प्रधानमंत्री मोदी की रैली के 18 लाख जमा हो चुके हैं। लेकिन, राहुल गांधी की रैली को कांग्रेस सरकार ने सरकारी रैली घोषित करके अब तक राशि जमा नहीं करवाई है। पूर्व सरकार परिवहन मजदूर संघ और परिवहन के पेंशनर्स की अनदेखी करती आई है, जबकि वर्तमान सरकार संघ की मांगों को पुरा करने का प्रयास कर रही है। इससे पूर्व कार्यशाला के मुख्य द्वार पर परिवहन के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और संघ के सदस्यों ने उनका स्वागत किया।