रैत (कांगड़ा)। कांगड़ा और शाहपुर उपमंडल के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के 15 रिक्त पद भरे जाएंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) रैत कार्यालय ने इन पदों के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। कुल 15 पदों में से शाहपुर उपमंडल में 12 और कांगड़ा उपमंडल में 3 पद भरे जाने हैं।
सीडीपीओ रैत निर्मला देवी के अनुसार कांगड़ा उपमंडल की गुब्बर पंचायत के लपियाना-2, लपियाना खास और मनेई पंचायत के मावा मंद्रेला केंद्र में सहायिका (हेल्पर) के पद भरे जाएंगे। वहीं शाहपुर उपमंडल के तहत कुठमा पंचायत के भेड़ी, सराह के जटेड, रैत के रैत-1, चढ़ी के ऊनी बेहडु, भलेड के काकड़ा व रजोल, बंडी के घरथेड-1, नेरटी के नेरटी-2, मंझग्रां के छतड़ी, मकरोटी के मकरोटी-1, डोहब के झिकला डोहब और हरनेरा पंचायत के बड़ंज-1 आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता व सहायिका के पद भरे जाएंगे।
आवेदन के लिए महिला उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और अभ्यर्थी का संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के पोषक (फीडर) क्षेत्र का निवासी होना आवश्यक है।
इच्छुक उम्मीदवार कार्यदिवस के दौरान 17 अक्तूबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी रैत के कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकती हैं। कांगड़ा उपमंडल के लिए साक्षात्कार 23 अक्तूबर और शाहपुर उपमंडल के लिए 28 अक्तूबर को आयोजित किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र, वृत्त पर्यवेक्षक अथवा सीडीपीओ कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।