ज्वालामुखी में मंदिर मार्ग से हटाया अतिक्रमण
दुकानदारों में मचा हड़कंप, चेतावनी देकर छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। नगर परिषद ज्वालामुखी की टीम ने मंदिर मार्ग नंबर 1 और बस स्टैंड के आसपास अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त रुख अपनाया । इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी देशराज चौधरी की अगुवाई में नगर परिषद कर्मियों ने ज्वालामुखी मंदिर मार्ग से दर्जनों अवैध कब्जे हटाए और तीन दुकानदारों के सामान को भी जब्त किया। वहीं, कुछ दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा। ज्वालामुखी में पहले भी अवैध कब्जों को हटाया गया था और मंदिर रोड पर येलो लाइन भी लगाई गई थी, फिर भी कुछ समय में ही दुकानदार दुकानों के बाहर सामान लगाने लग पड़े। नगर परिषद को मिली शिकायतों के आधार पर नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी ने शनिवार को अवैध कब्जों को हटाया। दो माह पहले भी प्रशासन की ओर से मंदिर रोड की पैमाइश करवाई गई थी और अवैध कब्जाधारियों को हटाया गया था। हाईकोर्ट के आदेशानुसार ज्वालामुखी में अवैध कब्जों को हटाने के लिए एसडीएम को निर्देश दिए गए थे। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देशराज चौधरी ने बताया कि ज्वालामुखी एक धार्मिक नगरी है और श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाता है। इसी के चलते मंदिर मार्ग और बस स्टैंड के आसपास अवैध कब्जाधारियों को चेताया गया और उनका सामान हटाया गया है। फिलहाल कोई जुर्माना नहीं किया गया है, वहीं आगे ऐसा कराने पर दुकानदारों का सामान भी जब्त किया जाएगा।