टांडा अस्पताल में तीमारदारों का हंगामा, डॉक्टरों का प्रदर्शन
इलाज के दौरान चिकित्सक से धक्का-मुक्की
घटना के बाद अस्पताल में मची अफरा-तफरी
कांगड़ा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज में तीमारदारों की ओर से डॉक्टर के साथ हाथापाई करने का आरोप लगा है। इससे वहां माहौल बिगड़ गया और तीमारदारों ने खूब हंगामा किया। यह घटना रविवार देर रात की है, जब एक डॉक्टर सर्जिकल वार्ड में दाखिल मरीजों का चेकअप कर रही थीं। इस दौरान शाहपुर सड़क दुर्घटना में घायल एक मरीज के साथ आए कुछ लोग वहां इकट्ठा हो गए। इस पर डॉक्टर ने उन्हें बाहर जाने को कहा लेकिन वे लोग डॉक्टर के साथ ही उलझ पड़े और उन्होंने वार्ड से बाहर जाने को मना कर दिया। घटना से आक्रोशित रेजिडेंट डॉक्टरों ने गेट मीटिंग कर प्रदर्शन किया। कुछ देर के लिए वहां गहमागहमी का माहौल बन गया और दूसरे मरीज भी परेशान हुए।
बताया जा रहा है कि ये सभी लोग शराब के नशे में थे। मेडिकल में उनके शराब के सेवन की पुष्टि भी हुई है। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों ने घटना की सूचना तत्काल टांडा पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा करने वाले चार लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। उनका मेडिकल करवाया गया और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जाएंगे। एसएचओ कुलदीप राज ने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, आरडीए संघ के प्रधान डॉ. गिरीश, महासचिव डॉ. मनिक सहगल, प्रेस सचिव डॉ. जसबीर ने कहा कि चिकित्सकों को पुख्ता सुरक्षा सुविधा दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि आपातकालीन सुविधा प्रभावित नहीं की गई है।