बाजार के साथ लगती गलियों
में नहीं होती नियमित सफाई
जनसंवाद भाग-चार
बैजनाथ पपरोला के वार्ड सात और आठ के रास्ते आज तक नहीं हो पाए पक्के
वार्ड में स्ट्रीट लाइट की भी कोई सुविधा नहीं
राजकुमार सूद
बैजनाथ (कांगड़ा)। नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला के वार्ड नंबर सात और आठ के बाजार क्षेत्र की तो नपं नियमित सफाई करवाती है, लेकिन वार्ड की गलियों तक सफाई कर्मी नहीं पहुंचते। इससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं नपं बनने के बाद इन वार्ड के संपर्क रास्तों को अब तक पक्का नहीं किया जा सका है। गलियों में स्ट्रीट लाइट की सुविधा से भी लोग महरूम हैं।
ग्यारह वार्डों की प्रदेश की सबसे बड़ी नपं में शामिल बैजनाथ पपरोला नपं के वार्ड-सात और आठ पपरोला कस्बे के मध्य में स्थित हैं। दोनों वार्ड पूरी तरह से शहरी परिवेश में ढले हुए हैं। इन वार्डों के अधिकांश लोग नपं के दायरे में आना चाहते थे, लेकिन अब कुछ एक कार्यों के पूरा न होने के कारण नपं की कार्यप्रणाली से खफा हैं। वार्ड नंबर-सात में 880 मतदाता हैं, जबकि वार्ड-आठ में 850 मतदाता शामिल हैं।
काम के लिए कार्यालय के बार-बार लग रहे चक्कर : गरीश
वार्ड नंबर-सात के गरीश शर्मा ने कहा कि नपं में पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण लोगों के परिवार से संबंधित छोटे से छोटे कार्य लंबित पड़ रहे हैं। इससे लोगों को बार-बार नपं कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। टीसीपी से निर्माण कार्य को अनुमति लेना कठिन कार्य है।
पार्किंग की हो रही समस्या : राहुल
वार्ड नंबर-सात के राहुल सूद ने बताया कि खू-बाजार में वाहनों की गलत पार्किंग के चलते व्यापारी वर्ग के साथ खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशान होना पड़ता है।
थोड़ी सी बारिश से दुकानों में घुस रहा पानी: गगनेश
वार्ड-सात के गगनेश सूद ने कहा कि नालियों की निकासी न होने के कारण थोड़ी सी बारिश होने पर दुकानों में पानी घुसना शुरू हो जाता है। नालियों की साफ-सफाई नियमित रूप से होने पर इस समस्या से बचा जा सकता है।
खू-बाजार का रास्ता पूरी तरह टूटा: रमेश
वार्ड नंबर-सात के रमेश मेहरा ने बताया कि वार्ड के कुछ रास्तों का निर्माण हुआ है। लेकिन, अब भी अनेक रास्तों की स्थिति खराब है। खू बाजार का मुख्य मार्ग ही पुरी तरह से टूटा हुआ है। वहीं बंद पड़ी स्ट्रीट लाईटों को लंबे अर्से से ठीक नहीं किया जा सका है।
बारिश होने पर पानी से भर रही गलियां: देशराज
वार्ड नंबर-आठ के देशराज वालिया ने बताया कि गर्ल्स स्कूल पपरोला से विद्युत बोर्ड के एसडीओ कार्यालय तक के रास्ते का निर्माण बजट के बावजूद शुरू नहीं हो सका है। लोगों को लंबी दूरी के रास्ते से होकर जाना पड़ता है। वहीं बरसात होने पर गलियां पानी से भर जाती हैं। साफ-सफाई भी सप्ताह में दो बार ही हो पा रही है।
इनसेट....
अपने तौर पर कर रहे बिजली की व्यवस्था: संजीव
वार्ड नंबर-आठ के संजीव कुमार ने बताया कि मुख्य बाजार में रोजाना सफाई की व्यवस्था है। लेकिन, पेट्रोल पंप के आस-पास सफाई व्यवस्था ठप्प है। उनका कहना है कि स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह से बंद पड़ी हुई हैं। लोग अपने तोर पर बिजली की व्यवस्था कर रहे हैं।
इनसेट.....
खस्ताहाल छात्रा स्कूल का रास्ता: विरेंद्र
वार्ड नंबर-आठ के विरेंद्र वालिया ने बताया कि कंडी सोसाइटी से छात्रा स्कूल के रास्ते की हालत खस्ता है। इस रास्ते से रोजाना सैकडों लोग सफर करते हैं। वहीं, छात्रा स्कूल से बिजली दफ्तर का कार्य भी लंबे अर्से से लंबित पड़ा है।
इनसेट....
मुख्य रास्तों का हुआ निर्माण, शेष रास्तों का शीघ्र होगा काम: अनिता
वार्ड नंबर-सात की पार्षद अनिता सूद ने कहा कि वार्ड के मुख्य रास्तों का निर्माण करवाया गया है। शेष रास्तों के कार्य जल्द शुरू होने वाले हैं। उनका कहना है कि कुछ एक बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को सही करने के लिए आग्रह किया गया है। अब नई स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी। गलियों की साफ-सफाई जल्द ही रोजाना होगी। पीएम आवास योजना के तहत घरों की मरम्मत के लिए प्रयास किया गया है। लेकिन, सरकारी औपचारिकताओं के कारण देरी हो रही है।
इनसेट...
शीघ्र शुरू होगी नियमित सफाई: कविता
वार्ड नंबर-आठ की पार्षद कविता चौधरी ने बताया कि छात्रा स्कूल से विद्युत कार्यालय और कंडी सोसाइटी तक के रास्तों के निर्माण के प्रस्ताव डाले गए हैं। जल्द ही इनका कार्य शुरु करवा दिया जाएगा। स्ट्रीट लाईटों को बदलने और सफाई व्यवस्था को नियमित करने का कार्य जल्द शुरू होने वाला है।