बारिश ने रोका खेती का काम
मक्की की फसल हुई प्रभावित
फ्लाइटों पर नहीं दिखा कोई असर, तापमान भी हुआ ठंडा
जिले में सब्जियों की बिजाई का काम भी रुका
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। शुक्रवार देर रात से शुरू हुई बारिश ने किसानों के खेतीबाड़ी के काम पर रोक लगा दी है। जिला भर में हो रही झमाझम बारिश के कारण जहां मक्की की फसल प्रभावित हुई है, वहीं जिला के तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। इसके अलावा शनिवार को बारिश होने के बावजूद गगल एयरपोर्ट पर चारों फ्लाइटें उतरीं।
जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा धर्मशाला, मैक्लोडगंज, पालमपुर, राजा का तालाब, नगरोटा सूरियां, ज्वालामुखी, रक्कड़, जयसिंहपुर, कोटला, परागपुर, थुरल, योल और लंज सहित अन्य क्षेत्रों में शुक्रवार देर रात से शुरू हुई बारिश शनिवार को भी निरंतर जारी रही। इस दौरान किसानों के खेतों में बीजी जा रही गोभी की पनीरी सहित पालक, मटर, मूली, शलगम और आलू आदि बीजने का कार्य प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण अब किसानों को कुछ दिनों के लिए सब्जियों की बिजाई को विराम देना पड़ेगा। वहीं, जिला के चंगर क्षेत्रों में बीजी गई मक्की की फसल पर भी बारिश का विपरीत असर पड़ा है। किसानों की खेतों से निकाली गई मक्की की फसल को अभी पर्याप्त धूप न मिल पाने के कारण उसमें नमी बरकरार है, जिसके चलते मक्की फसल प्रभावित होने के कगार पर पहुंच गई है। वहीं, अभी तक जिन किसानों ने मक्की की फसल को खेतों में काट कर रखा है, उनकी फसल पर भी खासा प्रभाव पड़ेगा।
इनसेट
चार डिग्री सेल्सियस लुढ़का धर्मशाला का तापमान
जिला में हो रही झमाझम बारिश के कारण तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। शनिवार को जिला मुख्यालय का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क कर 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, धर्मशाला में 37.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बारिश के कारण जिला भर में ठंड का प्रकोप जारी रहा।
कोट्स
-बारिश का असर काटी गई फसल पर पड़ेगा, जबकि नूरपुर और इंदौरा क्षेत्रों में पक चुकी धान की फसल की कटाई थोड़ी लेट होगी। वहीं किसानों की बीजी जा रही सब्जियों की पनीरी पर भी इस बारिश का कुछ खास असर नहीं पड़ेगा। - एनके धीमान, डिप्टी डायरेक्टर, कृषि विवि पालमपुर