ज्वालामुखी (कांगड़ा)। हिमाचल में विधानसभा चुनाव के मतदान में हुई बढ़ोतरी के बाद ज्वालामुखी विधानसभा में भी भाजपा और कांग्रेस के कार्यालयों में कार्र्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय रही। ज्वालामुखी में 23 हजार 232 पुरुष मतदाता, 29 हजार 236 महिला मतदाता ने मतदान किया, जो कि कुल प्रतिशत 73.27 रहा।
शुक्रवार को ज्वालामुखी कांग्रेस कार्यालय में तो सुबह से ही कार्यकर्ताओं की चहलकदमी शुरू हो गई। दस बजे कांग्रेस के उम्मीदवार संजय रतन कार्यालय में पहुंचे। वहां पर पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं से मिले और कार्यालय में चंगर और बलिहार से स्वयं गाड़ियों में पहुंच रहे कार्यकर्ताओं से चुनावों की फीडबैक ली। कार्यालय सचिव गुरुजी सत्यपाल शर्मा ने भी उन्हें पूरे चुनाव मतदान की अपडेट भी दी। संजय रतन ने कार्यकर्ताओं से विस क्षेत्र ज्वालामुखी के 92 बूथों की अपडेट ली। संजय रतन ने कार्यकर्ताओं की फीडबैक लेकर जीत के लिए संतुष्टि जातते हुए थकान मिटाई।
वहीं, भाजपा कार्यालय ज्वालामुखी में दोपहर तीन बजे भाजपा कार्यकर्ता चुनावी नतीजों से पहले ही हजारों की लीड से रमेश ध्वाला के जीतने के दावे करते रहे और कांग्रेस किन-किन बूथों और क्षेत्र में कमजोर रही, यह भी चर्चा होती रही। भाजपा कार्यालय में कानूनी प्रकोष्ठ संयोजक अभिषेक पाधा और दर्जनों कार्यकर्ता इस बात पर भी मंथन करते हुए दिखाई दिए कि इस चुनाव में किन चेहरों ने उनका साथ दिया और कौन से चेहरे दूसरे पक्ष में हो लिए। वहीं, कार्यकताओं ने खुशी जाहिर करते हुए ध्वाला की हजारों से जीत का दावा भी अभी से ही कर दिया। रमेश ध्वाला ने चुनाव की थकान अपने घर पर ही मिटाई और वहीं पर पंहुचे कार्यकर्ताओं से मिलकर चुनाव की फीडबैक भी ली। कांग्रेस भाजपा के कार्यकर्ताओं को अब 18 दिसंबर के नतीजे आने का इंतजार भी करना होगा तभी सही मायनो में जीत सुनिश्चित होगी।