धर्मशाला। जिलेभर में वीरवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। बुधवार को जहां जिलेभर में रुक-रुक कर बारिश होती रही, वहीं वीरवार को भी रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। वहीं धौलाधार की पहाड़ियों और त्रियूंड में हुई बर्फबारी के कारण क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। इसके अलावा पर्यटन स्थल नड्डी में भी बुधवार रात को बर्फ के फाहे गिरे। जहां जिला भर में बारिश का दौर जारी रहा, वहीं पालमपुर, बीड़ और शाहपुर क्षेत्र के साथ लगती ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी भी दर्ज की गई।
किसानों और बागबानों के खिले चेहरे
जिले में लगातार हो रही रिमझिम बारिश के कारण किसानों के चेहरे खिल गए हैं। यह बारिश जहां बीजी गई गेहूं की फसल के लिए संजीवनी बनकर गिरी है, वहीं चंगर क्षेत्र में बारिश होने के कारण पर्याप्त नमी किसानों को बिजाई के लिए मिल गई है।