ग्रामीण नियोजन समिति ने लिया विकास कार्यों का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की ग्रामीण नियोजन समिति ने कांगड़ा जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। धर्मशाला के डीआरडीए सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं विधायक बिक्रम सिंह जरयाल ने की। इस मौके समिति सदस्य विधायक राम लाल ठाकुर, अर्जुन ठाकुर एवं मुलख राज भी मौजूद रहे।
इस दौरान समिति ने विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त बजट, निर्धारित लक्ष्य एवं प्राप्ति, व्यय और लाभान्वित लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह जरयाल ने अधिकारियों से सरकार की योजनाओं का लाभ समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारी लोगों को सरकार की योजनाओं से अवगत करवाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बैठक में अनुत्तरित रहे कुछ प्रश्नों के जवाब शीघ्र समिति को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान समिति के सदस्यों ने योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर बहुमूल्य सुझाव दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।